रविवार 11 फ़रवरी 2024 - 19:55
जनता की ईमानदारी, जागरूकता और क्रांतिकारी चेतना ही ईरान की तरक्की का रहस्य है।

हौज़ा / हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी ने 22 बहमन की रैली में ईरान की जनता की ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण भागीदारी पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की संवेदनशील परिस्थितियों, ईरान और इस्लाम के दुश्मनों की तमाम साजिशों तथा कठिनाइयों के बावजूद जनता ने एक नया इतिहास रचा है और उम्मीद की नई किरण जगाई है। उन्होंने कहा कि इस जागरूक और समझदार जनता को दिल की गहराइयों से सलाम और धन्यवाद देना चाहिए।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , ईरान की क्रांति के प्रति वफादार और समर्पित जनता के शानदार प्रदर्शन पर आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी का विस्तृत संदेश इस प्रकार है:

बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम

हम अल्लाह ही से मदद मांगते हैं। निस्संदेह वही सबसे अच्छा मददगार और सहायक है।

ईरान की सम्मानित जनता, प्रिय नौजवानों, हौज़ा-ए-इल्मिया के विद्वानों और आदरणीय धर्मगुरुओं!

पैग़म्बरे इस्लाम (स.अ.व.), माहे शाबान की मुबारक हस्तियों, महान शहीदों और इमाम-ए-शहीदान (इमाम खुमैनी र.अ.) पर सलाम और दुरूद के साथ माहे शाबान की मुबारकबाद तथा इस्लामी क्रांति की विजय वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं।

दयालु और सर्वशक्तिमान अल्लाह की मदद से आज हमने ईरान की महान जनता, बहादुर और जागरूक नौजवानों, किशोरों, महिलाओं और पुरुषों की शानदार भागीदारी का दृश्य देखा। दुनिया भर के मुसलमानों और कमजोर एवं वंचित लोगों के बीच भी इस भागीदारी का संदेश पहुंचा। क्रांति के प्रति वफादार और समर्पित जनता ने इस्लाम और ईरान के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपने उत्साह, उमंग और जीवंत भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

हमारी प्यारी जनता के विभिन्न वर्गों की भागीदारी के दृश्यों को देखकर, एकता, एकजुटता, त्याग और प्रतिरोध की भावना से सजी इस तस्वीर ने हर निष्पक्ष व्यक्ति के दिल में गर्व और सम्मान की भावना पैदा की।

क्षेत्र की संवेदनशील परिस्थितियों में, ईरान और इस्लाम के दुश्मनों की तमाम नफरत भड़काने वाली साजिशों और तमाम कठिनाइयों के बावजूद जनता के इस महान प्रदर्शन और जन-जागरण ने एक नया अध्याय रचा तथा उम्मीद की नई किरण जगाई। इस अवसर पर दिल की गहराइयों से खुशी के आंसू बहाने चाहिए और इस जागरूक एवं समझदार जनता को सलाम करते हुए उसकी सराहना करनी चाहिए। साथ ही अल्लाह की महान बारगाह में शुक्र और विनम्रता के साथ सजदा करना चाहिए।

जनता की यही संघर्षशील भावना, क्रांतिकारी संस्कृति, आपसी सहयोग और एकता का दृष्टिकोण आगामी चुनावों तथा देश की सभी विकास योजनाओं में भी जारी रहना चाहिए, ताकि देश अधिक प्रगति कर सके। जनसेवा में लगे अधिकारियों को भी जनता की इस महान पूंजी का सम्मान करते हुए पहले से अधिक बेहतर और व्यापक सेवाएं प्रदान करनी चाहिए।

जनता की यह विशाल भागीदारी, आसमानी नारों की गूंज, ईमान की जागरूकता और क्रांतिकारी उत्साह ईरान की महान जनता की ताकत और देश की प्रतिष्ठा का आधार है। यही ईरान और उम्मते इस्लाम की प्रगति का रहस्य तथा देश और इस्लामी क्रांति के सामने मौजूद चुनौतियों और समस्याओं से निपटने की एक बड़ी शक्ति है।

यह भागीदारी इस्लामी क्रांति के दूसरे चरण के उस मार्ग को भी आसान बनाती है, जिसकी रूपरेखा इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता ने अपने घोषणापत्र में प्रस्तुत की है।

मुझे पूरा विश्वास है कि मार्च महीने में होने वाले चुनावों में भी जनता की यह समझदारीपूर्ण और शानदार भागीदारी इस्लामी क्रांति के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगी। इसी राष्ट्रीय शक्ति के सहारे प्रतिरोध का मोर्चा और उम्मते इस्लाम वैश्विक साम्राज्यवाद तथा विश्व ज़ायोनीवाद के मुकाबले में और अधिक सफलताएं हासिल करेंगे। यह सब अल्लाह के فضل और उसकी कृपा से संभव होगा।

मैं समाज के सभी वर्गों और समूहों, विशेष रूप से विश्वविद्यालयों और स्कूलों के विद्यार्थियों, प्रिय नौजवानों, धर्मगुरुओं, प्रचारकों, हौज़ा-ए-इल्मिया के विद्वानों तथा जिहादी और धार्मिक प्रचारक समूहों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं।

बहमन और इस्फंद 1402 के क्रांतिकारी उत्सवों और ऐतिहासिक प्रदर्शन में भाग लेने वाले सभी लोगों पर अल्लाह और आसमान के फरिश्तों का सलाम हो।

व लिल्लाहिल हम्दु अव्वलन व आखिरा।

आयतुल्लाह अली रज़ा अराफी

प्रमुख;हौज़ा-ए-इल्मिया

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha